Landslide: बलाणा-गोला मार्ग के कोलण में स्थायी समाधान का प्राक्कलन बनाने के निर्देश
Landslide: विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भारी बरसात से प्रभावित बलाणा-गोला संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कोलण में भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राक्कलन तैयार करने, अतिरिक्त जेसीबी तैनात करने और बरसात के बाद आपदा न्यूनीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
चम्बा/चुवाड़ी
विधानसभा अध्यक्ष ने बलाणा-गोला संपर्क मार्ग पर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कोलण में भारी भूस्खलन से प्रभावित हिस्से के स्थायी समाधान के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। पठानिया ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि विभाग की ओर से प्राक्कलन प्रस्तुत किए जाने के आधार पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई गई दो जेसीबी मशीनों के अतिरिक्त एक और मशीन तैनात करने के निर्देश दिए। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद कोलण में भूस्खलन की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए आवश्यक आपदा न्यूनीकरण कार्य शुरू किए जाएंगे।
छह संपर्क मार्गों का निर्माण प्रस्तावित
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि गोला, बलाणा, हटली और थुलेल ग्राम पंचायतों के अंतर्गत सड़क सुविधा से वंचित शेष गांवों के लिए छह संपर्क मार्गों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से चार मार्गों के वन अनुमति से जुड़े मामले स्वीकृत हो चुके हैं और इनका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान राज्य वन निगम के निदेशक मंडल के सदस्य चेला कृष्ण चंद सहित प्रशासन, वन विभाग, विकास खंड और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।