Loading...

Landslide: जांगलिख पुल के पास दरकी पहाड़ी, मलबे से सड़क बंद; सुंदरू खड्ड का बहाव बहाल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Hours Ago • 1 Min Read

Landslide: शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में जांगलिख पुल के पास सोमवार सुबह पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसककर सड़क पर आ गया। मलबे से मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। भूस्खलन का मलबा सुंदरू खड्ड में पहुंचने से पानी का बहाव भी कुछ समय के लिए बाधित रहा। प्रशासन ने झील बनने की आशंका से इनकार करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

रोहड़ू

स्थानीय जानकारी के अनुसार, जांगलिख पुल के पास रविवार से ही पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिर रहे थे। मार्ग से गुजरने वाले लोगों को खतरे का अंदेशा हो गया था। सोमवार सुबह स्थिति अचानक बिगड़ गई और पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसककर सड़क पर फैल गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी रही। मलबे से सड़क का बड़ा भाग ढक गया, जिससे इस मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

सड़क खोलने से पहले स्थिति का आकलन

प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति का आकलन कर रही है। सड़क को सुरक्षित तरीके से खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। भूस्खलन का मलबा पास बहने वाली सुंदरू खड्ड में भी पहुंचा, जिससे पानी का बहाव कुछ समय के लिए रुक गया था। इसके बाद आसपास रहने वाले लोगों में जलस्तर अचानक बढ़ने की चिंता पैदा हुई। रोहड़ू के एसडीएम धर्मेश रमोत्रा ने बताया कि खड्ड में पानी का बहाव दोबारा शुरू हो गया है और झील बनने जैसी स्थिति नहीं है।

नदी और खड्डों से दूर रहने की सलाह

प्रशासन ने अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जांगलिख क्षेत्र के साथ पब्बर नदी और आसपास की खड्डों के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने को कहा गया है। सोमवार को शिमला और आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने भी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित इलाकों से दूरी बनाए रखने और नदी-नालों के पास सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन सड़क और खड्ड की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Topics: •