Loading...

Landslide: नेहली में पहाड़ी से गिरे बड़े पत्थर, नाहन-रेणुकाजी सड़क पर लगा लंबा जाम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Landslide: नाहन-रेणुकाजी सड़क पर नेहली के समीप रविवार शाम करीब सवा छह बजे बारिश के बीच पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरने के कारण यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर बसों सहित छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़े पत्थरों के कारण मार्ग पूरी तरह नहीं खुल सका और यात्रियों व वाहन चालकों को जेसीबी मशीन पहुंचने का इंतजार करना पड़ा।

नाहन

नेहली के समीप यह पहाड़ी पिछले साल मानसून के दौरान दरकी थी। इसके बाद से इस हिस्से में भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। रविवार को दोबारा बड़े पत्थर सड़क पर आने से कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। मार्ग अवरुद्ध होने के बाद कुछ यात्रियों ने छोटे पत्थरों को स्वयं हटाने का प्रयास किया, ताकि छोटे वाहनों को निकलने के लिए जगह मिल सके। हालांकि सड़क पर पड़े बड़े पत्थरों को मशीन के बिना हटाना संभव नहीं था।

स्थानीय लोगों के अनुसार पहाड़ी पर कई बड़ी चट्टानें अब भी फंसी हुई हैं, जो बारिश के दौरान खिसककर सड़क पर गिर सकती हैं। इससे इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। पत्थर गिरने के बाद दोनों ओर वाहनों की कतारें बढ़ती गईं और जाम की स्थिति बनी रही। मार्ग प्रभावित होने से स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नाहन-रेणुकाजी सड़क पर दिनभर बसों के अलावा बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। इससे पहले भी नेहली के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने और भूस्खलन के कारण यह सड़क कई बार बंद हो चुकी है। बारिश के दौरान खतरा बढ़ने से स्थानीय स्तर पर लोगों की सुरक्षा और सड़क को सुरक्षित रखने के लिए स्थायी उपाय किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Related Topics: