Landslide / संजौली-ढली बाईपास पर दरकी पहाड़ी, मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बचीं गाड़ियां
Landslide / शिमला के संजौली-ढली बाईपास पर बुधवार को अचानक पहाड़ी दरकने से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए। इस दौरान मार्ग से गुजर रही गाड़ियां भूस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद जेसीबी की मदद से सड़क से कुछ मलबा हटाया गया और थोड़ी देर में यातायात बहाल कर दिया गया।
शिमला
भूस्खलन की यह घटना करीब सवा तीन बजे हुई। पहाड़ी दरकते समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी, लेकिन गाड़ियां मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से बच गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। भूस्खलन के तुरंत बाद मौके पर निर्माण कार्य में लगी जेसीबी से सड़क पर आए पत्थर और मलबा हटाया गया। कुछ ही देर बाद मार्ग पर ट्रैफिक दोबारा शुरू कर दिया गया, हालांकि पहाड़ी से अभी भी पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है।
18 जून को भी बाधित हुआ था यातायात
संजौली-ढली बाईपास पर इससे पहले 18 जून को भी पहाड़ी दरकी थी। उस समय भारी चट्टानें, एक पेड़ और बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया था। इसके कारण बाईपास पर यातायात करीब दो घंटे तक पूरी तरह बंद रहा था। बुधवार को हुए ताजा भूस्खलन के बाद मलबा जल्द हटाए जाने से सड़क पर आवाजाही कुछ ही देर में बहाल कर दी गई।