वरिष्ठ भाजपा नेता स्व. विनय गुप्ता के घर शोक जताने पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को नाहन के वरिष्ठ भाजपा नेता स्व. विनय गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके निवास पर पहुंचे। इस दौरान हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सांसद सुरेश कश्यप भी उनके साथ मौजूद रहे।
नाहन
नाहन के प्रवेश द्वार पर कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
नाहन, 7 अक्टूबर (निस) : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर नाहन के जुड्डा का जोहड़ स्थित हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वाहनों के काफिले के साथ स्व. विनय गुप्ता के निवास पर पहुंचे। नाहन के प्रवेश द्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
स्व. विनय गुप्ता के निवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनके परिजनों से मुलाकात की और विनय गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।