Landslide / शिलाई के बोबरी गांव में गिरी घर की सुरक्षा दीवार, कई घरों को खतरा
Landslide : जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के बोबरी गांव में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक मकान के नीचे बनी सुरक्षा दीवार ढह गई, जिससे आसपास के घरों और मंदिर परिसर पर खतरा मंडरा रहा है। भूस्खलन से मंदिर तक जाने वाला रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया है तथा सामुदायिक भवन की सुरक्षा दीवार को भी नुकसान पहुंचा है।
नाहन
जिला सिरमौर में लगातार हो रही भारी बारिश के साइड इफेक्ट देखने को मिल रहे हैं। पहाड़ों में बारिश कहर बनकर टूट रही है। सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के बोबरी गांव से डराने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। जहां गांव के मकान के नीचे सुरक्षा दीवार भर भर कर गिर गई। गनीमत रही कि अभी तक दीवार के ऊपर मकान को कोई नुकसान नहीं हुआ है, हालांकि यहां खतरे की आशंका लगातार बनी हुई है।
पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून की पहली बारिश कहर बारपा रही है। कहीं सड़क किनारे पहाड़ दरक रहे हैं, तो कहीं गांव की सुरक्षा दीवारें टूट रही हैं। बोबरी गांव से दिल दहलाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। यहां तीन दिन से हो रही बारिश के कारण मकान के नीचे लगी सुरक्षा दीवार अचानक टूट गई। इस भूस्खलन से गांव का शिव मंदिर और महासू देवता मंदिर परिसर भी प्रभावित हुआ है। मंदिर तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह मिट चुका है। इतना ही नहीं, भूस्खलन की चपेट में आने से नवनिर्मित सामुदायिक भवन बाबरी की सुरक्षा दीवार भी ध्वस्त हो गई है।
वहीं निर्माणाधीन मंदिरों पर भी खतरा मंडरा रहा है और उनके गिरने की आशंका बनी हुई है। इस स्थिति के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और गांव के साथ-साथ मंदिर परिसर को सुरक्षित बचाने की गुहार लगाई है।