Loading...

Landslide: सिरमौर में बारिश से जनजीवन प्रभावित, चबाहां में सड़क पर आया मलबा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 27 Aug 2026 • 1 Min Read

बारिश से सिरमौर में जनजीवन प्रभावित, चबाहां में सड़क पर आया मलबा

नाहन। सिरमौर जिले में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। वीरवार को भी कई क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी और मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा। नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चबाहां के समीप सड़क पर मलबा और पानी आने से कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार थम गई। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

Landslide: सिरमौर में बारिश से जनजीवन प्रभावित, चबाहां में सड़क पर आया मलबा

वहीं, बेचड़ का बाग के समीप कांदिल घाट में भूस्खलन होने से ददाहू-बेचड़ का बाग सड़क भी बंद हो गई। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर गिरने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही।

लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के अन्य हिस्सों में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी और मलबा आने के कारण वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।

प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से प्रभावित मार्गों को बहाल करने के लिए कार्रवाई की जा रही है, जबकि बारिश का दौर जारी रहने के कारण लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील मार्गों पर सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

Related Topics: