खजूरना के पास एनएच-07 पर झुका विशाल पेड़ बना खतरा, जाम से जूझते रहे वाहन चालक
नाहन-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) पर खजूरना के पास सड़क की ओर झुके विशाल पेड़ के कारण शुक्रवार को यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों को सावधानी के साथ गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में संभावित खतरे और राष्ट्रीय राजमार्ग की कंट्रोल विड्थ में अतिक्रमण को लेकर चिंता जताई, जबकि एनएच प्राधिकरण ने पेड़ हटाने और मामले की समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नाहन
नाहन-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) पर शुक्रवार को खजूरना स्थित थापा हट के समीप सड़क की ओर खतरनाक ढंग से झुके एक विशालकाय पेड़ के कारण जाम जैसी स्थिति बन गई। संभावित खतरे को देखते हुए वाहन चालक सड़क के एक किनारे से बेहद सावधानी के साथ वाहन निकालते रहे, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार पेड़ काफी नीचे तक सड़क की ओर झुक चुका है और बरसात के मौसम में इसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। इसी डर के कारण वाहन चालक धीमी गति से एक-एक कर निकलते रहे, जिससे मौके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पेड़ को नहीं हटाया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले ने राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पांवटा साहिब से लेकर काला अंब तक कई स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग की कंट्रोल विड्थ के भीतर ढाबे, दुकानें और खोखे संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती। इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि संबंधित पेड़ की सूचना उन्हें मिल चुकी है और उसे सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि पेड़ वन क्षेत्र में है तो उसे हटाने के लिए वन विभाग से समन्वय और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन करना पड़ता है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग की कंट्रोल विड्थ में यदि कहीं भी अवैध रूप से दुकान, ढाबा या खोखा संचालित पाया जाता है तो संबंधित लोगों को समय-समय पर नोटिस जारी किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक बार फिर पूरे मामले की समीक्षा कर जांच की जाएगी और जहां भी आवश्यकता होगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित एजेंसियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सड़क किनारे झुके पेड़, दृश्यता में बाधा बनने वाले अवरोध और कंट्रोल विड्थ में अतिक्रमण जैसी स्थितियां दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में ऐसे संभावित खतरों को देखते हुए समयबद्ध कार्रवाई सड़क सुरक्षा की दृष्टि से बेहद आवश्यक मानी जाती है।