NDPS / माजरा में नशे पर बड़ा प्रहार, 56 वर्षीय व्यक्ति अफीम के पौधों और 1 किलो से ज्यादा चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार
Himachalnow / नाहन
NDPS : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में माजरा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 56 वर्षीय व्यक्ति को अफीम के पौधों और 1 किलो से ज्यादा चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर पुरुवाला कांशीपुर क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को दबोचा।
नाहन
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में माजरा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 56 वर्षीय व्यक्ति को अफीम के पौधों और 1 किलो से ज्यादा चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर पुरुवाला कांशीपुर क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को दबोचा।प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना माजरा की टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है और मादक पदार्थ भी रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पुरुवाला कांशीपुर में दबिश दी और मौके पर तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान गुलशेर (56) निवासी गांव व डाकघर पुरुवाला कांशीपुर, तहसील पांवटा साहिब की जमीन से अफीम के 25 पौधे बरामद किए गए। इसके अलावा जब पुलिस ने उसके रिहायशी कमरे की तलाशी ली, तो वहां से 1.106 किलोग्राम भुक्की/चूरापोस्त भी बरामद किया गया।इस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इस मादक पदार्थ का इस्तेमाल खुद करता था या इसकी सप्लाई कहीं और की जानी थी। मामले में अन्य संभावित लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15 और 18 के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और नशे की खेती के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।सिरमौर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक अहम सफलता माना जा रहा है। इलाके में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप का माहौल है।