NDPS / पधर क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पर कार्रवाई, 16 हजार से अधिक पौधे नष्ट
NDPS : मंडी जिला के पधर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से उगाई गई अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16,058 पौधे नष्ट किए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर संबंधित भूमि मालिकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मंडी
तलाशी अभियान के दौरान सामने आया मामला
थाना पधर पुलिस की टीम ने डगवाणधार क्षेत्र में गश्त और तलाशी अभियान के दौरान अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार पांच अलग-अलग खेतों में अफीम की फसल उगाई गई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
16,058 अफीम के पौधे किए नष्ट
पुलिस द्वारा की गई गिनती में कुल 16,058 अफीम के पौधे पाए गए। इसके बाद टीम ने सभी पौधों को मौके पर ही उखाड़कर नष्ट कर दिया। मामले में थाना पधर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है तथा यह जांच की जा रही है कि अवैध खेती किसके द्वारा की जा रही थी।
राजस्व विभाग से मांगी गई भूमि की जानकारी
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जिस भूमि पर अफीम की खेती पाई गई है, उसके स्वामित्व की जानकारी के लिए राजस्व विभाग से रिकॉर्ड मांगा गया है। भूमि मालिकों की पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
