भारी बारिश से श्री मणिमहेश यात्रा 25 अगस्त तक स्थगित, अनुकूल स्थिति में 26 से होगी शुरू
श्री मणिमहेश यात्रा मार्ग पर भारी बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा 25 अगस्त तक स्थगित कर दी है। तोस के गोठ के पास खराब हुए रास्ते की मरम्मत जारी है। मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति अनुकूल रहने पर यात्रा 26 अगस्त से दोबारा शुरू की जाएगी।
चम्बा
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि भारी बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर तोस के गोठ के पास रास्ता खराब हो गया है, जिसे ठीक करने का काम किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने आगामी तीन दिनों तक यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से 25 अगस्त तक यात्रा मार्ग पर जाने से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
उपायुक्त के अनुसार, मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति अनुकूल होने पर श्री मणिमहेश यात्रा 26 अगस्त से फिर शुरू की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। संबंधित विभागीय अधिकारियों को यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।