Loading...

Marriage Fraud / रिंग सेरेमनी के बाद 18 लाख रुपये और जेवर लेकर फरार हुआ परिवार, शादी से पहले खुला ठगी का खेल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 44 Mins Ago • 1 Min Read

Marriage Fraud : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी का रिश्ता तय कर एक परिवार के साथ लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिंग सेरेमनी के बाद दुल्हन पक्ष ने व्यापार में निवेश और अन्य जरूरतों का हवाला देकर करीब 18 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। शादी से ठीक पहले पूरा परिवार संपर्क से बाहर हो गया। बाद में मैरिज पैलेस में पड़ताल करने पर पता चला कि विवाह की कोई बुकिंग ही नहीं थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हमीरपुर/अवाहदेवी

शिकायतकर्ता कुसुम लता निवासी गांव संगरोह ने पुलिस को बताया कि युवती के भाई ने अपना पता कांगड़ा बस स्टैंड के समीप बताया था। दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद रिश्ता तय हुआ और 20 जून को चंडीगढ़ में रिंग सेरेमनी आयोजित की गई। इस दौरान वर पक्ष ने होने वाली दुल्हन को सोने के आभूषण और अन्य महंगे उपहार भेंट किए। इसके बाद दोनों पक्षों ने 12 जुलाई को विवाह की तारीख भी निर्धारित कर दी।

निवेश के नाम पर अलग-अलग किश्तों में लिए लाखों रुपये

शिकायत के अनुसार रिंग सेरेमनी के बाद दुल्हन पक्ष ने व्यापार में निवेश और अन्य आवश्यकताओं का हवाला देते हुए गूगल पे के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में करीब 18 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। सात जुलाई को युवती के भाई ने फोन कर बताया कि कनाडा में उनके मामा का निधन हो गया है और उन्हें तत्काल वहां जाना पड़ रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया।

मैरिज पैलेस पहुंचने पर सामने आया पूरा सच

लगातार संपर्क नहीं होने पर 11 जुलाई को परिजनों ने संबंधित मैरिज पैलेस पहुंचकर जानकारी ली। वहां पता चला कि 12 जुलाई के नाम से किसी भी विवाह समारोह की बुकिंग नहीं करवाई गई थी। इसके बाद पीड़ित परिवार को अपने साथ हुई कथित ठगी का पता चला। मामले की शिकायत पुलिस चौकी अवाहदेवी में दर्ज करवाई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

Related Topics: