माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव 4 से 6 दिसंबर तक प्रस्तावित, ऑडिशन की तारीखें बदलीं
माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव अब दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाना संभावित है और इसके लिए 4 से 6 दिसंबर की तारीखें प्रस्तावित की गई हैं। पहले महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासनिक एवं आयोजन संबंधी तैयारियों के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन भी अब 26 और 27 नवंबर को होंगे।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन महोत्सव की तैयारियों में जुटा है। महोत्सव का शुभारंभ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो अम्ब मेला मैदान तक पहुंचेगी। शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आगमन प्रस्तावित है।
26 और 27 नवंबर को होंगे कलाकारों के ऑडिशन
महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन महाराणा प्रताप कॉलेज, अम्ब में आयोजित किए जाएंगे। कलाकार एसडीएम कार्यालय अम्ब में अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। ऑडिशन के दोनों दिन मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। नामी कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी।