Loading...

प्यार, जहर और जलता जंगल: मैथ टीचर की हत्या कर शव हिमाचल में फूंका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हरियाणा की गणित शिक्षिका की हत्या और शव जलाने के मामले ने हरियाणा और हिमाचल दोनों राज्यों में सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग, जहर देकर हत्या और जंगल में शव जलाकर सबूत मिटाने की साजिश का खुलासा हुआ। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पांवटा साहिब/बराड़ा

हरियाणा के अंबाला जिले से लापता हुई 32 वर्षीय गणित शिक्षिका की हत्या का ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिसने हरियाणा और हिमाचल दोनों राज्यों में हड़कंप मचा दिया है। प्रेम प्रसंग, जहर, बैग में बंद शव और फिर हिमाचल के जंगल में उसे जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश… इस पूरी वारदात ने पुलिस जांच को भी फिल्मी मोड़ दे दिया। मामले में आरोपी संदीप कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी जनकपुरी कॉलोनी बराड़ा को पांवटा साहिब के समीप बातापुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका अमनदीप अंबाला क्षेत्र में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने वाली गणित शिक्षिका थी। शुरुआती जांच के अनुसार अमनदीप और आरोपी संदीप कुमार के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। वारदात वाले दिन आरोपी ने अमनदीप को अंबाला स्थित एक किराये के कमरे में बुलाया, जहां कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बड़े बैग में ठूंस दिया और फिर उसे ठिकाने लगाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक मोटरसाइकिल रेहड़ी चालक को 100 रुपये देकर बैग को गली से बाहर खड़ी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार तक पहुंचवाया। इसी दौरान आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। फुटेज में आरोपी कई बार गली में ऊपर-नीचे आता-जाता और बाद में भारी बैग ले जाते दिखाई दिया, जिसने पूरे मामले की परतें खोल दीं।

जांच में सामने आया कि हत्या अंबाला के बराड़ा क्षेत्र में की गई, जबकि शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला पहुंचा। पांवटा साहिब उपमंडल की कोलर पंचायत में नेशनल हाईवे-07 से करीब 100 मीटर दूर घने जंगल में आरोपी ने शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, ताकि पहचान मिटाई जा सके। जंगल में अधजला शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद माजरा पुलिस ने जांच शुरू की थी।

हरियाणा के अंबाला जिला की बराड़ा पुलिस और सिरमौर की माजरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी संदीप कुमार को बातापुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शव को रेहड़ी पर ले जाते समय आरोपी के साथ एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई दिया था। हालांकि रेहड़ी चालक ने पूछताछ में दावा किया कि उसे बैग के भीतर क्या है इसकी कोई जानकारी नहीं थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस जघन्य वारदात में और कौन-कौन शामिल था। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी जाएगी, ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और मकसद का खुलासा हो सके।

बराड़ा के डीएसपी सुरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह सुनियोजित हत्या थी, जिसमें आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए शव को दूसरे राज्य में ले जाकर जलाने की कोशिश की। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले की गहन जांच करेगी।

Related Topics: