मैहतपुर IOCL प्लांट में नशामुक्ति की शपथ, जन-जन तक अभियान का संदेश पहुंचाने का आह्वान
नशामुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को मैहतपुर स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड प्लांट में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माउंट आबू के संयुक्त प्रयास से देशभर में चलाए जा रहे 10 करोड़ प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
ऊना/मैहतपुर/वीरेंद्र बन्याल
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की बबीता बहन तथा मैहतपुर ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र से अवधेश भाई ने विशेष रूप से भाग लिया। दोनों प्रतिनिधियों ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहभागिता के लिए प्लांट के उप महाप्रबंधक नितिन पाण्डेय ने ब्रह्माकुमारीज प्रतिनिधियों को सहभागिता एवं सफल आयोजन का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।
जागरूकता और जनभागीदारी को बताया जरूरी
ब्रह्माकुमारीज प्रतिनिधियों ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल कानूनों के माध्यम से संभव नहीं है। इसके लिए स्वस्थ जीवनशैली, जागरूकता, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच, जीवन मूल्यों और व्यापक जनभागीदारी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आना होगा। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, महिलाओं, अभिभावकों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों को जोड़कर नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
10 करोड़ लोगों तक प्रतिज्ञा पहुंचाने का लक्ष्य
प्रतिनिधियों ने बताया कि 10 करोड़ प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य केवल लोगों को शपथ दिलाना नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ जनजागरण और जनभागीदारी के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाना है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।