मेरिट के आधार पर 62 नए प्रिंसिपलों की नियुक्ति, सीबीएसई स्कूलों को मिला नेतृत्व
हिमाचल प्रदेश सरकार ने मेरिट के आधार पर 62 नए प्रधानाचार्यों की नियुक्ति कर सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में नेतृत्व व्यवस्था को मजबूत किया है। नियुक्तियां फिलहाल सात जिलों में शुरू की गई हैं, जबकि शेष जिलों के लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य सीबीएसई स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी चयन प्रक्रिया को सुनिश्चित करना है।
शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों के लिए 62 नए प्रधानाचार्यों (प्रिंसिपल) की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार ने इन नियुक्तियों को पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया है। इससे सीबीएसई स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े प्रधानाचार्य पद भरने की प्रक्रिया को गति मिली है और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।जानकारी के अनुसार, मई माह में काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत 138 प्रधानाचार्यों का चयन किया गया था। अब चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण में 62 प्रधानाचार्यों को नियुक्ति दी गई है। फिलहाल इनकी तैनाती प्रदेश के सात जिलों के सीबीएसई स्कूलों में की जा रही है, जबकि शेष पांच जिलों के लिए अलग से नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।
प्रदेश सरकार ने 146 सीबीएसई स्कूलों में प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की नियुक्ति का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रधानाचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद अब शिक्षकों की भर्ती का रास्ता भी लगभग साफ हो गया है। शिक्षा विभाग जल्द ही मेरिट के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू करेगा।सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य सीबीएसई स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना तथा पारदर्शी और योग्यता आधारित चयन प्रणाली के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान करना है। नियमित प्रधानाचार्य मिलने से स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के कई प्रधानाचार्यों का स्थानांतरण कर उन्हें पीएम श्री विद्यालय, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों सहित सीबीएसई संबद्ध संस्थानों में नियुक्त किया गया है।विभाग ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों से प्रधानाचार्यों का स्थानांतरण किया गया है, वहां कार्यरत अधिकारी अगले आदेशों तक संबंधित जिला उपनिदेशक (उच्च शिक्षा) कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगे।
साथ ही सभी स्थानांतरित प्रधानाचार्यों को तत्काल नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण कर विभाग को ज्वाइनिंग रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों में नियुक्त सभी प्रधानाचार्य राज्य सरकार की ‘स्कीम फॉर सीबीएसई एफिलिएटेड स्कूल्स एक्सीलेंस इन हिमाचल प्रदेश’ के प्रावधानों के तहत अपनी सेवाएं देंगे।