Loading...

MONSOON / मानसून से पहले सभी विभागों को अलर्ट, समय रहते आपदा प्रबंधन की पूरी तैयारी करने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 18 Jun 2025 • 1 Min Read

MONSOON : उपायुक्त ने सभी विभागों को बरसात में आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। नियंत्रण कक्ष, राहत सामग्री और खतरनाक क्षेत्रों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

बरसात के दौरान आपदा से निपटने को लेकर उपायुक्त जतिन लाल की समीक्षा बैठक

विभागीय समन्वय और कार्य योजना पर जोर

मानसून सीजन 2025 को देखते हुए उपायुक्त जतिन लाल ने जिले के सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर विभाग एक ठोस कार्य योजना तैयार करे और नोडल अधिकारी नियुक्त करें ताकि किसी भी आपदा से त्वरित रूप से निपटा जा सके।

आपातकालीन संसाधनों की समीक्षा और प्रचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से कहा कि मौसम विभाग की चेतावनियों का प्रसार तत्काल हो, ताकि आम लोग सतर्क रहें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को जनजागरूकता अभियान तेज करने, सचेत और मौसम मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाने की बात कही गई। पुराने भवनों, भूस्खलन और जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर समय से मरम्मत करने के निर्देश दिए गए।

राहत सामग्री, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष निर्देश

उन्होंने एलपीजी, राशन, कंबल, तिरपाल और दवाइयों का पहले से भंडारण करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों में विशेष रूप से सर्पदंश रोधी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल शक्ति विभाग और पंचायती राज को जल स्रोतों की सफाई व क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बाढ़ संभावित क्षेत्रों की निगरानी और नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश

स्वां नदी और अन्य बाढ़ संभावित क्षेत्रों में निगरानी के निर्देश दिए गए। इंडस्ट्रियल एरिया बाथू-बाथड़ी जैसी संवेदनशील जगहों पर अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने को कहा गया। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और उसका टोल फ्री नंबर 1077 सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केंद्र चौबीसों घंटे काम करेंगे और सभी घटनाओं का दस्तावेजीकरण फोटोग्राफ्स सहित किया जाएगा।

कोचिंग सेंटरों की जांच और अग्नि सुरक्षा पर विशेष ध्यान

सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के कोचिंग सेंटरों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्नि सुरक्षा, जल निकासी और बेसमेंट की स्थिति का विशेष रूप से निरीक्षण किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर ADC महेंद्र पाल गुर्जर, ASP संजीव भाटिया, SDM ऊना, गगरेट व अंब सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।