MONSOON / सिरमौर में मानसून 2025 से निपटने को लेकर तैयारी तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
MOONSOON : दामिनी, सचेत और मौसम ऐप को डाउनलोड कर अलर्ट रहें तैयार, राहत सामग्री का भंडारण और नियंत्रण कक्ष सक्रिय
नाहन
समीक्षा बैठक में मानसून को लेकर व्यापक तैयारी पर जोर
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने नाहन में दक्षिण-पश्चिम मानसून 2025 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे नोडल अधिकारी नियुक्त कर कार्य योजना तैयार करें ताकि मानसून के दौरान किसी भी आपदा से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
राहत सामग्री और आपदा मित्रों की भूमिका अहम
उपायुक्त ने उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राहत सामग्री और आवश्यक आपूर्ति का दूरदराज के क्षेत्रों में समय रहते भंडारण सुनिश्चित करें। साथ ही ‘आपदा मित्र’ व अन्य स्वयंसेवकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशालाएं आयोजित की जाएं।
बांध, सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य पर विशेष निर्देश
उपायुक्त ने बांध अधिकारियों को चेतावनी प्रणाली मजबूत करने के लिए अलार्म सिस्टम को अपडेट करने को कहा। लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद और राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण को नालियों की सफाई सुनिश्चित करने, जल शक्ति विभाग को पेयजल स्रोतों की क्लोरीनेशन और टैंकों की सफाई करवाने तथा स्वास्थ्य विभाग को सर्पदंश जैसी बीमारियों के इलाज के लिए दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एनडीआरएफ रेणुका में तैनात, चूड़धार यात्रा पर भी नजर
उपायुक्त ने बताया कि मानसून के दौरान एनडीआरएफ की टीम रेणुका स्थित कुब्जा पवेलियन में तैनात रहेगी। साथ ही चूड़धार यात्रा के दौरान भी सावधानी के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी भी शुरू
बैठक में उपायुक्त ने यह भी बताया कि 21 जून को नाहन के चौगान मैदान में प्रातः 7 बजे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने और जनता से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।