Loading...

Monsoon Alert: हिमाचल में 30 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल में 30 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

नाहन। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 अगस्त की शाम से प्रदेश में मानसून का नया दौर शुरू होगा, जो 3 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि 1 सितंबर को चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार बीते 24 घंटों में सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नाहन में सर्वाधिक 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि कांगड़ा और बिलासपुर में करीब 35 मिलीमीटर बारिश हुई।

उन्होंने बताया कि 28 और 29 अगस्त को मध्यवर्ती जिलों में दोपहर या शाम के समय सीमित अवधि के लिए बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 अगस्त की देर शाम से मानसून दोबारा सक्रिय होगा। 31 अगस्त को कांगड़ा, सिरमौर और बिलासपुर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि 1 सितंबर को छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 2 और 3 सितंबर को भी कई क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता बनी रह सकती है।

तापमान में बढ़ोतरी, मानसून लौटते ही गिरावट के आसार

मानसून कमजोर पड़ने के कारण प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला में तापमान 24 से 25 डिग्री, पालमपुर में 28 से 29 डिग्री और मैदानी जिलों में 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। ऊना में सर्वाधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अगले दो दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है, लेकिन 30 अगस्त की शाम से बारिश शुरू होने के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

सीजन में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 28 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई है। लाहौल-स्पीति में सामान्य से 57 फीसदी, हमीरपुर में 35 फीसदी और मंडी में 17 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं शिमला और कुल्लू में सामान्य से 15 से 18 फीसदी अधिक बारिश हुई है। कांगड़ा और सोलन समेत अन्य जिलों में बारिश सामान्य के आसपास रही।

नदियों और नालों का बढ़ सकता है जलस्तर

मौसम विभाग ने 30 अगस्त से 3 सितंबर के बीच लगातार बारिश को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान खासकर शिमला, सोलन, सिरमौर और भारी बारिश वाले अन्य क्षेत्रों में दृश्यता कम होने की आशंका है। लगातार बारिश के चलते प्रमुख नदियों, स्थानीय नालों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Topics: