Loading...

नगर निकाय चुनाव में सुबह से मतदान को लेकर उत्साह, पांवटा में 19.14 और राजगढ़ में 20.79 प्रतिशत वोटिंग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 17 May 2026 • 1 Min Read

नगर निकाय चुनाव के तहत जिला सिरमौर में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पांवटा साहिब और राजगढ़ में शुरुआती घंटों में अच्छी वोटिंग दर्ज की गई, जबकि नाहन का मतदान प्रतिशत प्रशासन सुबह तक जारी नहीं कर पाया। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नाहन

जिला सिरमौर में नगर परिषद नाहन, पांवटा साहिब और नगर पंचायत राजगढ़ के लिए शनिवार सुबह मतदान शुरू होते ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। सुबह 9 बजे तक पांवटा साहिब नगर परिषद में 19.14 प्रतिशत और राजगढ़ नगर पंचायत में 20.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि जिला मुख्यालय नाहन नगर परिषद का मतदान प्रतिशत सुबह तक निर्वाचन टीम जुटा नहीं पाई, जिसे लेकर प्रशासनिक ढीलापन भी चर्चा का विषय बना रहा।

नाहन नगर परिषद में सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने वार्ड नंबर 9 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी अपने वार्ड में वोट डालकर लोगों से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। दोनों नेताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी की बात कही।

हालांकि मतदान केंद्रों पर सबसे अधिक परेशानी शारीरिक रूप से अक्षम और बुजुर्ग मतदाताओं को झेलनी पड़ी। कई वरिष्ठ नागरिकों को मतदान केंद्र तक पहुंचने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ स्थानों पर परिजनों और स्थानीय लोगों के सहारे बुजुर्ग मतदान केंद्र तक पहुंचे।नाहन नगर परिषद के 13 वार्डों के लिए 23 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 19 हजार 876 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं पांवटा साहिब नगर परिषद के 13 वार्डों में 25 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 18 हजार 228 मतदाता वोट डालेंगे। नगर पंचायत राजगढ़ के 7 वार्डों के लिए 7 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और यहां कुल 1 हजार 982 मतदाता हैं।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 200 पुलिस जवान विभिन्न मतदान केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किए गए हैं। सभी पोलिंग बूथों पर प्रत्याशी और उनके समर्थक भी सुबह से सक्रिय नजर आए और अपने-अपने वार्डों में मतदाताओं से सादगीपूर्ण अंदाज में मिलते दिखाई दिए।मतदान प्रक्रिया शाम 3 बजे तक चलेगी, जिसके तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम घोषित होने की संभावना है। जिला भर की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि नगर निकायों की सत्ता पर किसका कब्जा होगा।

Related Topics: