मेडिकल कॉलेज में बंद अल्ट्रासाउंड-सीटी स्कैन सेवाओं को लेकर गंभीर नहीं प्रबंधन : राकेश गर्ग
डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज नाहन में लंबे समय से बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन सेवाओं को लेकर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय विधायक पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण जांच सेवाएं बंद होने के बावजूद इन्हें बहाल करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
नाहन
बोले-स्थानीय विधायक को भी मरीजों की परेशानियों की चिंता नहीं, निजी केंद्रों पर महंगे इलाज को मजबूर लोग।
मीडिया को जारी बयान में राकेश गर्ग ने कहा कि स्थानीय विधायक की ओर से कहा गया था कि चार सितंबर के बाद मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन सेवाएं बहाल हो जाएंगी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी दोनों सेवाएं सुचारू नहीं हो पाई हैं। इससे मेडिकल कॉलेज पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचते हैं। इनमें कई मरीजों को चिकित्सकों की सलाह पर सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड करवाने की आवश्यकता होती है, लेकिन सेवाएं बंद होने के कारण उन्हें निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। निजी केंद्रों में इन जांचों के लिए मरीजों को भारी राशि खर्च करनी पड़ रही है।
राकेश गर्ग ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में मौजूदा सरकार मेडिकल कॉलेज के बंद पड़े भवन निर्माण कार्य को शुरू नहीं करवा पाई है। अब मेडिकल कॉलेज में पहले से उपलब्ध सेवाओं का भी बाधित होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी जांच सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और सरकार से मांग की कि अल्ट्रासाउंड तथा सीटी स्कैन सेवाओं को तत्काल बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और मरीजों को हो रही परेशानी का समाधान किया जाए।