Loading...

नाहन में इंसानियत की मिसाल, मस्जिद में 10 मिनट में जुटे 31 हजार रुपये

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 57 Mins Ago • 1 Min Read

27 वर्षीय विजय की दोनों किडनियां खराब, सात साल की बेटी की उम्मीद—पिता जल्द स्वस्थ हों; शहर की अन्य मस्जिदों में भी जारी रहेगा मदद का सिलसिला

नाहन

नाहन शहर में जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए धार्मिक सौहार्द और इंसानियत की एक मिसाल सामने आई है। हरिपुर खोल निवासी 27 वर्षीय विजय कुमार की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं और वह गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। विजय की सात वर्षीय बेटी अपने पिता को जल्द स्वस्थ देखना चाहती है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते उनके इलाज के लिए शहर में पिछले करीब एक सप्ताह से सहयोग राशि जुटाई जा रही है।

इसी कड़ी में शुक्रवार को कच्चा टैंक स्थित अंजुमन इस्लामिया जामा मस्जिद में विजय कुमार के इलाज के लिए मदद की अपील की गई। अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद ने मस्जिद के माइक से लोगों से विजय की मदद के लिए सहयोग करने की अपील की। इसके बाद महज 10 से 15 मिनट के भीतर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने 31 हजार रुपये की सहयोग राशि एकत्रित कर दी।

विजय की मदद के लिए अभियान चला रहे दिव्यांश बैरागी, भाई राहुल और उनके साथियों ने बताया कि शहर की अभी पांच अन्य मस्जिदों में भी शुक्रवार को विजय के इलाज के लिए सहयोग राशि जुटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसी धर्म या समुदाय को देखना नहीं, बल्कि एक जरूरतमंद परिवार की मदद करना है।

दिव्यांश बैरागी ने कहा कि मस्जिद में उन्हें और उनके साथियों को जिस तरह सम्मान और अपनापन मिला, वह उनके लिए भावुक करने वाला अनुभव रहा। उन्होंने मुस्लिम समुदाय का दिल से आभार जताते हुए कहा कि जरूरत के समय जिस तरह सभी ने आगे बढ़कर सहयोग किया, वह समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

उन्होंने कहा कि इबादत की जगहों पर लोगों और देश के लिए दुआ के साथ जरूरतमंदों की मदद का जज्बा भी दिखाई देता है। विजय कुमार के इलाज के लिए शुरू हुआ यह अभियान इसी मानवीय भावना का उदाहरण है। जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए अलग-अलग समुदायों के लोगों का एकजुट होना सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करता है।

Related Topics: • •