डीसी प्रियंका वर्मा ने किया पोलिंग बूथों और काउंटिंग हॉल का निरीक्षण
नाहन नगर परिषद चुनाव के दौरान प्रशासन ने मतदान और मतगणना व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों और काउंटिंग हॉल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस और होमगार्ड जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ बुजुर्ग मतदाताओं की सहायता भी की।
नाहन
नाहन नगर परिषद चुनाव के लिए रविवार को हुए मतदान के दौरान जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने चुनाव प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखते हुए नगर परिषद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
डीसी प्रियंका वर्मा ने जिला पंचायत कार्यालय के प्रथम तल पर बनाए गए काउंटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया और चुनाव परिणामों की घोषणा को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल पर लाउडस्पीकर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
गौरतलब है कि नाहन नगर परिषद के 13 वार्डों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ। चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस और होमगार्ड के जवान पूरे दिन सक्रिय दिखाई दिए। खास बात यह रही कि जवानों ने केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि बुजुर्ग और शारीरिक रूप से कमजोर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और वापस लाने में भी सराहनीय सहयोग दिया।
डीसी प्रियंका वर्मा ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद आज ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।नगर परिषद चुनाव को लेकर पूरे शहर में दिनभर राजनीतिक हलचल बनी रही। मतदान समाप्त होते ही अब प्रत्याशियों की नजरें मतगणना और परिणामों पर टिक गई हैं।


