Loading...

नगर परिषद के 13 पार्षद और पंचायत समिति के 15 सदस्यों का शपथ ग्रहण, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव पर टिकी निगाहें

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन में नगर परिषद के 13 नवनिर्वाचित पार्षदों और पंचायत समिति के 15 सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर अपने दायित्वों की औपचारिक शुरुआत की। एसडीएम राजीव सांख्यान ने सभी जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। अब नगर परिषद और पंचायत समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

नाहन

जिला मुख्यालय नाहन में शनिवार को लोकतंत्र के नए जनप्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों की औपचारिक शुरुआत की। नगर परिषद नाहन के 13 नवनिर्वाचित पार्षदों तथा विकास खंड नाहन के 15 पंचायत समिति सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर जनसेवा और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। शपथ ग्रहण समारोह सादगीपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, परिजनों और समर्थकों की उपस्थिति रही।एसडीएम नाहन एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्राधिकृत अधिकारी राजीव सांख्यान ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान नवचयनित प्रतिनिधियों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर-1 से कपिल गर्ग उर्फ मोंटी, वार्ड नंबर-2 से नरेंद्र तोमर, वार्ड नंबर-3 से उपमा धीमान, वार्ड नंबर-4 से पूजा तोमर, वार्ड नंबर-5 से सीमा अत्री, वार्ड नंबर-6 से योगेश गुप्ता, वार्ड नंबर-7 से राकेश गर्ग उर्फ पपली, वार्ड नंबर-8 से संजय, वार्ड नंबर-9 से कौशल्या, वार्ड नंबर-10 से वसीम, वार्ड नंबर-11 से संध्या अग्रवाल, वार्ड नंबर-12 से प्रदीप सहोत्रा तथा वार्ड नंबर-13 से संजना कौर ने शपथ ग्रहण की।शपथ ग्रहण के बाद वार्ड नंबर-2 के पार्षद नरेंद्र तोमर ने कहा कि यह उनके जीवन का अत्यंत भावुक और गर्व से भरा क्षण है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, वह उस भरोसे को कायम रखते हुए वार्ड के विकास, जनसेवा और हर समस्या के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

वार्ड नंबर-1 के पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने कहा कि नगर परिषद के माध्यम से जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद मिलकर नाहन शहर के विकास को नई दिशा देने का काम करेंगे।वार्ड नंबर-4 की पार्षद पूजा तोमर ने कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

वहीं विकास खंड नाहन की पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों में नेहली धीड़ा से निशा देवी, रामाधौन से विरेंद्र सिंह, बनकलां से रजनीश कुमार, नलका से सरोज देवी, सतीवाला से दिनेश कुमार, विक्रम बाग से संजीव कुमार, कालाअंब से रीना रानी, त्रिलोकपुर से कर्म सिंह, वर्मा पापड़ी से रमेश कुमार, कौलावाला भूड़ से माया देवी, सुरला से मनीषा धीमान, बनेठी से अरुणा देवी, नावनी से कर्म चंद, नाहन से देवयानी थापा तथा आम्बवाला सैनवाला से कविता चौहान ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि पंचायत समिति नाहन के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार दोपहर दो बजे का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद नाहन के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है तथा इसके लिए तिथि अभी तय नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनसे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने की उम्मीद है।