Loading...

नौहराधार में 15 नवंबर को जुटेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर, जांच और परामर्श की मिलेगी सुविधा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Hours Ago • 1 Min Read

नौहराधार में 15 नवंबर 2026 को मल्टीस्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें आईजीएमसी शिमला, सोलन और नाहन के बड़े सरकारी अस्पतालों सहित अन्य मल्टीस्पेशलिटी स्वास्थ्य केंद्रों के विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। शिविर में विभिन्न बीमारियों की जांच, विशेषज्ञ परामर्श, टेस्ट और दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सिरमौर/नौहराधार

शिविर की तैयारियों को लेकर स्थानीय आयोजन समिति ने व्यापार मंडल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, चुड़ेश्वर समिति, हाटी समिति और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें बाहर से आने वाले स्वास्थ्य विशेषज्ञों, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों के ठहरने तथा भोजन की व्यवस्था की समीक्षा की गई। सदस्यों ने आपसी सहयोग से अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय कीं। शिविर के दौरान विभिन्न रोगों के विशेषज्ञों के बैठने, जांच करने और दवाएं वितरित करने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

छात्रों की स्क्रीनिंग और फर्स्ट एड प्रशिक्षण भी होगा

स्वास्थ्य शिविर में संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा। स्कूलों के एनएसएस और एनसीसी स्वयंसेवियों तथा आईटीआई के वॉलंटियरों को चिह्नित कर छात्रों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और फर्स्ट एड प्रशिक्षण कराया जाएगा। क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसरों के बारे में जागरूक करने के लिए विभिन्न कंपनियों से आने वाले विशेषज्ञों के बैठने की व्यवस्था पर भी विचार किया गया। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति और हिमालयन स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक कल्याण समिति—हिम रक्षक के संयुक्त प्रयासों से यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन समिति ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, बुद्धिजीवियों और व्यापार मंडल से शिविर को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। समिति ने विभिन्न पंचायतों के लोगों से स्वास्थ्य जांच कराने और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए शिविर में भाग लेने का आग्रह किया। बैठक में व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने और क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।

Related Topics: •