Loading...

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश की खुशहाली के लिए की पूजा-अर्चना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 12 May 2026 • 1 Min Read

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के पिहोवा स्थित अरुणाय में आयोजित राज्यस्तरीय ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और विभिन्न संगठनों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

कुरुक्षेत्र/पिहोवा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को जिला कुरुक्षेत्र के पिहोवा स्थित अरुणाय में आयोजित राज्यस्तरीय ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर के गर्भगृह में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल के बीच मुख्यमंत्री ने 101 महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा को रवाना किया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 48 कोस के विभिन्न तीर्थ स्थलों से पहुंचे संत-महात्माओं का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी प्राचीन परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बने अरुणाय लंगर हॉल का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा द्वारा लगाई गई ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ विषयक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय आस्था से जुड़े पहलुओं को चित्रों और जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पवित्र तीर्थस्थल ज्योतिसर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने ज्योतिसर में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, महंत रविन्द्र पुरी जी महाराज, बंसी पुरी जी महाराज, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेन्द्र गोल्डी सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।