NDPS / नूरपुर में 274 ग्राम चिट्टा बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार
NDPS : पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने नशे के विरुद्ध अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना डमटाल क्षेत्र में 274 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने पंजाब से नशीला पदार्थ लेकर सप्लाई के लिए आए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
कांगड़ा/नूरपुर
एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम नियमित गश्त और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि अमृतसर से एक स्विफ्ट कार में तीन व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर भदरोआ, कंडवाल और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करने आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए भदरोआ स्थित वन विभाग विश्राम गृह के समीप नाकाबंदी की गई।
स्लिंग बैग से बरामद हुई 274 ग्राम हेरोइन
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन की पिछली सीट पर बैठे आरोपी कुनाल अरोड़ा के कब्जे में मौजूद काले रंग के स्लिंग बैग से 274 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेने के साथ वाहन भी जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना डमटाल में धारा 21, 25 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल अरोड़ा निवासी अमृतसर, हैरी निवासी बटाला जिला गुरदासपुर तथा मोहित कुमार निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच लगातार जारी है।
