NDPS / बिलासपुर पुलिस ने दो मामलों में 5.04 ग्राम चिट्टा बरामद, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
NDPS : बिलासपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के कब्जे से कुल 5.04 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। बरामदगी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बिलासपुर
कार से दो आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में नम्होल पुलिस चौकी की टीम शिमला-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर कहलूर डेयरी के समीप यातायात जांच के दौरान तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार (HP 52C-3592) को संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया। वाहन की जांच के दौरान उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 0.47 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की पहचान पुनीत कुमार उर्फ टिंकू और नरेंद्र कुमार उर्फ नीशू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव कोलका, डाकघर दानोघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के निवासी हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ढाबे से 4.57 ग्राम चिट्टा बरामद
दूसरे मामले में बिलासपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मल्यावर टनल नंबर-4 के समीप स्थित एक ढाबे पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ढाबे की तलाशी ली, जिसके दौरान 4.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले में ढाबा संचालक संजीव कुमार (42) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी गांव जबल्याना, डाकघर ननावां, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके विरुद्ध घुमारवीं पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों में बरामद मादक पदार्थ की मात्रा कुल 5.04 ग्राम है।
जांच जारी
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की है और जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से हुई और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
