Loading...

NDPS / गिरीपुल में कार से 38.95 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

NDPS : राजगढ़ के गिरीपुल क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 38.95 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।

राजगढ़

जिला सिरमौर के पुलिस थाना राजगढ़ की डिटेक्शन सेल ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरीपुल क्षेत्र में एक कार से 38.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार डिटेक्शन सेल के अन्वेषण अधिकारी मुख्य आरक्षी रविदत्त अपनी टीम के साथ गश्त, मादक पदार्थों की रोकथाम तथा वाहनों की औचक जांच पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कार संख्या एचपी-63बी-8448 में सवार दो व्यक्ति गिरीपुल से जुन्गा की ओर चिट्टा लेकर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गिरीपुल पुल के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट पर बैठे युवक के पैरों के पास रखे काले रंग के बैग की एक जेब से पारदर्शी पॉलिथीन पाउच में 38.95 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बैग से पांच इस्तेमाल की हुई इंसुलिन सिरिंज भी बरामद की गईं।पुलिस ने मौके से वाहन चालक हरिश चौहान (31) निवासी गांव सेरगाता, डाकघर कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला तथा आकाशदीप उर्फ दीपू (25) निवासी गांव ओईली, डाकघर कोटला, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया।

राजगढ़ के डीएसपी वी.सी. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले की जांच जारी है।

Related Topics: