Nepal Flood / नेपाल में बाढ़ से भारी नुकसान अब तक 160 मौत, 750 से अधिक लापता , भारतीय वायुसेना ने पहुंचाई राहत सामग्री
Nepal Flood / नेपाल में तिब्बत की ओर से आई अचानक बाढ़ के बाद कई इलाकों में भारी नुकसान की सूचना है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। भारतीय वायुसेना ने सहायता अभियान के तहत एक सी-130जे विमान से करीब 10 टन आवश्यक राहत सामग्री और चिकित्सा आपूर्ति नेपाल पहुंचाई है, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।
नेपाल
भोटे कोशी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और समीपवर्ती स्याफ्रुबेसी क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त होने, जबकि तेज बहाव में वाहन बहने की जानकारी सामने आई है। बाढ़ में 160 लोगों की मौत और करीब 700 लोगों के लापता होने का दावा किया गया है। लापता लोगों में 105 भारतीय नागरिकों के शामिल होने की भी बात कही गई है।
वहीं कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे करीब 400 तीर्थयात्रियों से रसुवागढ़ी क्षेत्र में संपर्क नहीं हो पा रहा है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा समेत नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। भारतीय वायुसेना ने बताया कि अतिरिक्त राहत सामग्री के लिए सी-17 और सी-130 विमान तैयार रखे गए हैं तथा जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टरों से बचाव और निकासी अभियान चलाया जाएगा।
नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की क्षति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बातचीत कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में पड़ोसी देश को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है और भारतीय नागरिक नेपाल के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के फोन कॉल, संवेदनाओं और सहायता की पेशकश के लिए आभार जताया। कार्यालय ने कहा कि संकट के समय भारत की एकजुटता दोनों देशों के बीच मजबूत मित्रता और आपसी सहयोग के रिश्तों को दर्शाती है।