Loading...

एनएसयूआई संगठनात्मक चुनावों का बिगुल, 20 अक्तूबर को आएंगे नतीजे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 54 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में एनएसयूआई के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसमें सदस्यता से लेकर मतदान तक सभी चरण ऑनलाइन ऐप के माध्यम से पूरे होंगे। चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे और अंतिम परिणाम 20 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे। चुनाव समिति ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है।

शिमला

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने हिमाचल प्रदेश में संगठनात्मक चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला स्थित राजीव भवन में चुनाव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस बार पूरी चुनाव प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी। सदस्यता ग्रहण करने, नामांकन दाखिल करने और मतदान तक की सभी प्रक्रियाएं एनएसयूआई के ऑनलाइन ऐप के जरिए पूरी कराई जाएंगी।एनएसयूआई के चुनाव आयुक्त केके शास्त्री ने बताया कि चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में कॉलेज और विश्वविद्यालय इकाइयों के अध्यक्षों का चुनाव कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जिला और प्रदेश इकाइयों के पदाधिकारियों का निर्वाचन होगा। चुनाव के अंतिम परिणाम 20 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिला एवं जोनल स्तर पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 से 18 जुलाई के बीच होगी। नए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को चुनाव पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया 15 से 19 जुलाई तक चलेगी, जबकि अंतिम सूची 20 जुलाई को शाम पांच बजे जारी की जाएगी।कॉलेज और विश्वविद्यालय अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार 24 से 28 जुलाई तक ऑनलाइन नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच और त्रुटि सुधार की प्रक्रिया 28 से 30 जुलाई तक चलेगी तथा अंतिम उम्मीदवारों की सूची 31 जुलाई को जारी होगी।

इसके बाद 4 अगस्त से 1 सितंबर तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। सदस्यता शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 सितंबर निर्धारित की गई है। सदस्यता का सत्यापन 3 से 23 सितंबर तक होगा, जबकि मतदाता सूची पर आपत्तियां और सुधार 25 से 28 सितंबर के बीच किए जाएंगे। शिकायतों के निपटारे के बाद कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर के चुनाव परिणाम 6 अक्तूबर को घोषित होंगे।दूसरे चरण में जिला और प्रदेश इकाइयों के चुनाव के लिए निर्वाचित प्रतिनिधि 7 से 9 अक्तूबर तक नामांकन भरेंगे।

नामांकन पत्रों की जांच 10 और 11 अक्तूबर को होगी तथा 12 अक्तूबर को अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। 17 अक्तूबर को मतदान, 18 अक्तूबर को शिकायतों का निपटारा और 20 अक्तूबर को जिला एवं प्रदेश स्तर के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।एनएसयूआई चुनाव समिति ने सभी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से चुनाव कार्यक्रम का पालन करते हुए लोकतांत्रिक, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

Related Topics: