पच्छाद को 237.23 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री ने छह विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान सराहां में 237.23 करोड़ रुपये की छह विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इनमें पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के उद्घाटन के साथ 203.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी मार्ग का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी और लोगों को आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं की बेहतर सुविधा मिलेगी।
सराहां
मुख्यमंत्री ने पच्छाद तहसील के तहत गिरि नदी से नारग-नोहरा, डिलमन, सरिया, महलोग लाल टीकर, दाड़ो देवरिया द्राबली, सरोल चमेंजी, वासनी और नैनाटिक्कर सहित विभिन्न गांवों के लिए 26.51 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त पच्छाद तहसील की ग्राम पंचायतों बणी-बखोली, सुरला-जनोट और साधना-घाट के विभिन्न गांवों के लिए तैयार 2.86 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना भी लोगों को समर्पित की गई।
राजगढ़ क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई योजनाएं
राजगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत छोग टाली और सानियो दीदग की विभिन्न बस्तियों के लिए 1.57 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन किया गया। ग्राम पंचायत शाया-सनोरा के धनच चुखरिया और आसपास के गांवों के लिए 1.25 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना भी शुरू की गई। इसी तरह जल शक्ति उपमंडल चंदोल के अंतर्गत मलोह मशोग तथा आसपास के गांवों के लिए 1.52 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना का भी मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया।
वैकल्पिक सड़क से बागवानों को सुविधा
मुख्यमंत्री ने 203.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी मार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क से सेब उत्पादकों को सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। बागवान अपने उत्पादों को बगीचों से मंडियों और संग्रहण केंद्रों तक अधिक सुविधाजनक तरीके से पहुंचा सकेंगे। इससे परिवहन में लगने वाला समय और फसल कटाई के बाद होने वाला नुकसान कम करने में मदद मिलने के साथ बागवानी उत्पादों की प्रमुख बाजारों तक पहुंच बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार यह वैकल्पिक सड़क वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने में सहायक होगी और क्षेत्र के समग्र सड़क नेटवर्क को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि पेयजल, सिंचाई और सड़क से जुड़ी इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही कृषि और बागवानी गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।