पच्छाद बीडीसी पर भाजपा का कब्जा बरकरार, प्रकाश भाटिया निर्विरोध अध्यक्ष
पच्छाद बीडीसी में भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अपना वर्चस्व कायम रखा। अध्यक्ष पद पर प्रकाश भाटिया निर्विरोध निर्वाचित हुए जबकि उपाध्यक्ष पद पर वीरेंद्र सिंह ने 10-5 मतों से जीत हासिल की। 15 सदस्यीय बीडीसी में भाजपा की स्पष्ट बहुमत के चलते चुनाव परिणाम पूरी तरह उनके पक्ष में रहा।
नाहन
विकास खंड समिति (बीडीसी) पच्छाद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपना वर्चस्व कायम रखते हुए दोनों पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर बाग पशोग वार्ड से प्रकाश भाटिया निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कोटला बरोग वार्ड से वीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार को पराजित किया।15 सदस्यीय बीडीसी में भाजपा के 11 तथा कांग्रेस के 4 सदस्य हैं। अध्यक्ष पद के लिए केवल प्रकाश भाटिया का नामांकन होने के चलते उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वीरेंद्र सिंह को 10 मत मिले, जबकि कांग्रेस के सुरेंद्र कुमार के पक्ष में 5 मत पड़े।
मतदान परिणामों के बाद भाजपा के एक सदस्य द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में रही। हालांकि इससे परिणाम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और भाजपा उम्मीदवार ने स्पष्ट बढ़त के साथ जीत दर्ज की।जानकारी के अनुसार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर भाजपा के भीतर पिछले कुछ दिनों से सहमति बनाने की कवायद चल रही थी। पच्छाद विधायक रीना कश्यप, सांसद सुरेश कश्यप तथा जिला परिषद सिरमौर के उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी की मौजूदगी में पार्टी ने अढ़ाई-अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल का फार्मूला तय किया।सहमति के अनुसार पहले अढ़ाई वर्ष के लिए प्रकाश भाटिया अध्यक्ष तथा वीरेंद्र सिंह उपाध्यक्ष रहेंगे। इसके बाद शेष कार्यकाल में वासनी वार्ड की ममता देवी को अध्यक्ष तथा बनी बखोली वार्ड की सुरेखा पराशर को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
बुधवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया में सभी 15 सदस्यों ने भाग लिया। भाजपा की ओर से ममता देवी, निशु बाला, अमरजीत सिंह, हेमलता, कविता शर्मा, सीमा देवी, जयप्रकाश, सुरेखा पराशर, प्रकाश भाटिया, नमिता देवी और वीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कांग्रेस की ओर से रणधीर सिंह, सुरेंद्र कुमार, गोविंद राम और रीना देवी ने मतदान में हिस्सा लिया।उल्लेखनीय है कि जिला सिरमौर की आठ बीडीसी में से नाहन, पांवटा साहिब और अब पच्छाद में भाजपा समर्थित उम्मीदवार अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्वाचित हो चुके हैं। वहीं ददाहू बीडीसी पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। राजगढ़, संगड़ाह, शिलाई और तिलोरधार बीडीसी में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव अभी शेष हैं।
