पच्छाद में 300 फुट गहरी खाई में गिरी कार, जीजा-साले की मौत; महिला घायल
सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल के डिंगरी सरजेट गांव में मंगलवार सुबह तेज बारिश के बीच एक कार फिसलकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार कार संख्या एचपी 52ए-6482 में सवार डिंगरी सरजेट गांव के निवासी मढ़ीघाट से अपने घर लौट रहे थे। बारिश के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में तपेंद्र सिंह पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी डिंगरी सरजेट की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी प्रभा देवी गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उन्हें सिविल अस्पताल सराहां में भर्ती करवाया गया है।
अस्पताल पहुंचने से पहले चालक ने तोड़ा दम
कार चला रहे कंवर बलवंत सिंह निवासी कोटला बरोग (मरयोग) को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस सेवा पर कई बार फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तहसीलदार पच्छाद प्रवीण कुमार चौहान के अनुसार मृतक के परिजन को फौरी राहत के रूप में 25 हजार रुपये और घायल प्रभा देवी के उपचार के लिए पांच हजार रुपये की सहायता राशि जारी की गई है।