पंडोगा के के.सी. स्कूल में उद्यमिता सम्मेलन, विद्यार्थियों ने लिया स्वदेशी अपनाने का संकल्प
*के.सी. स्कूल पंडोगा में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन, विद्यार्थियों को दिया स्वदेशी और स्वरोजगार का संदेश*
*ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।*
उप मंडल हरोली के पंडोगा स्वदेशी जागरण मंच की ओर से के.सी. स्कूल पंडोगा में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वदेशी, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और स्थानीय संसाधनों को अवसर में बदलकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पुनीत मोदगिल ने विद्यार्थियों के साथ अपनी उद्यमी बनने की यात्रा और अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को मेहनत, कौशल, नई सोच तथा उपलब्ध अवसरों की पहचान कर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनने का सपना भी देखना चाहिए।
स्वदेशी जागरण मंच जिला ऊना के पूर्णकालिक प्रशिक्षक सत्य देव शर्मा ने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तुओं की खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय रोजगार, अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की सोच है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने के साथ अपने परिवारों को भी स्थानीय उत्पादों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी की शुरुआत अपने घर से होती है।
जिला प्रचार प्रमुख पंकज सहोड़ ने स्थानीय किसान, कारीगर, दुकानदार और छोटे उद्यमियों को अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने दिवाली का उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम स्थानीय कुम्हार से मिट्टी के दीये खरीदते हैं तो इससे केवल हमारा घर ही रोशन नहीं होता, बल्कि उस कुम्हार के परिवार में भी खुशियां पहुंचती हैं।
सम्मेलन के अंत में विद्यार्थियों ने स्वदेशी अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा उद्यमिता की भावना को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के उद्यमी और राष्ट्र निर्माता हैं। युवाओं में प्रतिभा और स्थानीय संसाधनों की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल इन्हें सही दिशा देकर अवसर में बदलने की है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के नए अवसर पैदा कर आत्मनिर्भर हिमाचल और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य निर्मला देवी, समन्वयक अनीता कुमारी सहित शिक्षक दीपिका दत्ता, प्रदीप कौर, रशिम, जसविंदर कौर, शशि बाला, वंदना दत्ता, सपना कुमारी और सुदेश कुमार उपस्थित रहे।