Loading...

जर्जर सड़कें और बेलगाम ट्राला-टिपरों के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भाजपा युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब ने जर्जर सड़क व्यवस्था और ट्राला-टिपरों की बेलगाम आवाजाही के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। संगठन ने सड़क मरम्मत, यातायात व्यवस्था सुधार और भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाते हुए चेतावनी दी कि समय पर समाधान नहीं होने पर शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।

पांवटा साहिब

भाजपा युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब ने क्षेत्र की जर्जर सड़क व्यवस्था और नगर परिषद क्षेत्र में ट्राला-टिपरों की बेलगाम आवाजाही के विरोध में गुरुवार को उपमंडलाधिकारी (ना.) को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।इससे पूर्व मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों, नव मतदाता जोड़ो अभियान, बूथ सशक्तिकरण और क्षेत्र की जनसमस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर नए मतदाताओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बैठक के बाद युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि भगानी मार्ग, विश्वकर्मा चौक–देवीनगर मार्ग, जामनीवाला मार्ग सहित गिरिपार क्षेत्र की कई सड़कें बदहाल हैं। गहरे गड्ढों, जल निकासी की कमी और बरसात में मलबा जमा होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। विश्वकर्मा चौक–देवीनगर मार्ग पर गड्ढों के कारण हाल ही में कई ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।ज्ञापन में जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, बरसात के बाद स्थायी पुनर्निर्माण, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, मानसून पूर्व सड़क रखरखाव योजना लागू करने तथा मलबा हटाने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध कराने की मांग की गई।

युवा मोर्चा ने नगर परिषद क्षेत्र में ट्राला और टिपर चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में देवीनगर मार्ग पर रात 10 बजे के बाद ही भारी वाहनों के प्रवेश के आदेशों का सख्ती से पालन करवाने, गति सीमा लागू करने, विश्वकर्मा चौक पर रात्रिकालीन पुलिस तैनाती, बिना या अस्पष्ट नंबर प्लेट, फर्जी पंजीकरण, बिना लाइसेंस और नाबालिग चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा भारी वाहनों के दस्तावेजों की नियमित जांच की मांग की गई।

मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता ने कहा कि जर्जर सड़कें और खनन कार्य में लगे भारी वाहनों के कारण बिगड़ती यातायात व्यवस्था क्षेत्र की सबसे गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा युवा मोर्चा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।