पांवटा साहिब में दशकों पुराना बाता नदी पुल ढहा, नए पुल से भेजे जा रहे वाहन
देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर बना दशकों पुराना बाता नदी पुल ढह गया। सोमवार को बाता नदी उफान पर थी और दोपहर के समय पुराने पुल के एक पिलर की नींव ढह गई। इसके बाद प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन ने पुल से आवागमन बंद करवा दिया। कुछ देर बाद पुल का बड़ा हिस्सा नदी में समा गया। घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।पुल के दोनों ओर ड्रम और रस्सियां लगाकर इसे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस मार्ग पर चलने वाले सभी वाहनों को अब नए बने पुल से भेजा जा रहा है।
पांवटा साहिब-शिलाई एनएच पर दो घंटे थमा यातायात
सिरमौर जिले में रविवार रात से सोमवार तक हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और पहाड़ियों से पत्थर गिरे। पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतौन के समीप ढाई मील क्षेत्र में भूस्खलन से करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में मरीजों को ले जा रही दो 108 एंबुलेंस, सरकारी और निजी बसों सहित दर्जनों छोटे-बड़े वाहन फंस गए।
एनएचएआई ने जेसीबी और अन्य मशीनरी लगाकर मलबा हटाया, जिसके बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। हालांकि, लंबी कतारों के कारण मार्ग बहाल होने के बाद भी यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
नाहन-कुमारहट्टी एनएच भी हुआ प्रभावित
नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर बनेठी के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। विभाग ने सड़क से मलबा हटाकर आवाजाही सामान्य करवाई। बारिश का असर जिले की ग्रामीण सड़कों पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार सिरमौर जिले में कुल 24 सड़कें बंद हैं।