उप-मंडल बंगाणा के डूमखर में 7 अप्रैल को होगा पशु मित्र अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
उप मंडल बंगाणा में पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया के तहत 7 अप्रैल को फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें 106 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे निर्धारित ग्राउंड में दस्तावेजों सहित पहुंचना अनिवार्य होगा और निर्धारित समय में दौड़ पूरी करनी होगी।
ऊना
उप मंडल बंगाणा में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित पशु भर्ती के उपलक्ष्य में पशु मित्र भर्ती की प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल टेस्ट का आयोजन 7 अप्रैल को किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपमंडल बंगाणा के वरिष्ठ पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि पशु मित्र पद के लिए चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा अलग से गाइड लाइन जारी की गई है, जिसके अनुसार सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि 7 अप्रैल को बंगाणा के डूमखर स्थित ग्राउंड में सभी पात्र अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इस टेस्ट के लिए उपमंडल बंगाणा से कुल 106 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, जिनमें 77 पुरुष और 29 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे तक अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित ग्राउंड में पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि समय पर प्रक्रिया शुरू की जा सके। उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों को 30 मिनट के भीतर 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए 10 मिनट के भीतर डेढ़ किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई है। यह दौड़ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करना अनिवार्य होगा। जो अभ्यर्थी तय समय के भीतर दौड़ पूरी नहीं कर पाएंगे, उन्हें आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
डॉ. राजेश कुमार जंगा ने यह भी बताया कि सभी अभ्यर्थियों के लिए कॉल लैटर संबंधित पशु चिकित्सा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवा दिए गए हैं। जिन अभ्यर्थियों को अभी तक कॉल लैटर प्राप्त नहीं हुआ है, वे अपने संबंधित पशु केंद्र से तुरंत संपर्क कर कॉल लैटर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने दस्तावेजों की पहले से जांच कर लें और समय से पहले ग्राउंड में पहुंचें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से फिजिकल टेस्ट के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्राउंड में अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इसके अलावा सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। चयनित पशु मित्र गांव स्तर पर पशुओं की देखभाल, टीकाकरण और अन्य आवश्यक सेवाओं में विभाग की सहायता करेंगे, जिससे पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा और पशुपालकों को समय पर सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि यदि किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या हो, तो वे सीधे बंगाणा पशु अस्पताल में संपर्क कर सकते हैं। विभाग की ओर से अभ्यर्थियों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।