Loading...

पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों ने लखनऊ में जानी आधुनिक शिक्षण पद्धतियां

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Hours Ago • 1 Min Read

*पीएम श्री विद्यालयों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों ने किया लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल का शैक्षिक भ्रमण*

*ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।*

पीएम श्री विद्यालयों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए आयोजित एक्सपोजर विजिट के तहत हिमाचल प्रदेश के ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और चंबा जिलों से आए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS), वर्ल्ड यूनिटी कन्वेंशन सेंटर का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नवाचारों, अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों और उपलब्धियों को करीब से जानने का अवसर मिला।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की विद्यालय की मुख्याध्यापिका रिचा आहूजा के साथ सौहार्दपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वार्ता हुई। उन्होंने हिमाचल से आए विद्यार्थियों और शिक्षकों का आत्मीय स्वागत करते हुए सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा विभिन्न नवाचारों की विस्तार से जानकारी साझा की।

रिचा आहूजा ने बताया कि सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में करीब 9,000 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं तथा इसकी 22 शाखाएं संचालित हो रही हैं। विद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और अनेक पुरस्कार अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मकता, वैश्विक दृष्टिकोण, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शिक्षिका प्रवीण ने अपने सहयोगी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ओर से सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की मुख्याध्यापिका रिचा आहूजा तथा समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक रहा। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियां, अंतरराष्ट्रीय स्तर की गतिविधियां और नवाचार विद्यार्थियों के लिए सीखने का महत्वपूर्ण अवसर हैं।

मुख्याध्यापिका रिचा आहूजा ने हिमाचल से आए सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनका स्वागत किया तथा जलपान की भी व्यवस्था की। उनके प्रेरणादायक विचारों और आत्मीय आतिथ्य से विद्यार्थी बेहद उत्साहित नजर आए।

हिमाचल प्रदेश से आए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने रिचा आहूजा और सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के समस्त स्टाफ का हार्दिक धन्यवाद करते हुए कहा कि इस भ्रमण से उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोगों, नवाचारों और वैश्विक स्तर की शैक्षणिक गतिविधियों को समझने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर वे अपने विद्यालयों में भी नई सीख और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगे।

Related Topics: