Loading...

चंपा के पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय का संज्ञान, चूड़धार पैदल मार्ग की मांगी विस्तृत रिपोर्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

चंपा के पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय का संज्ञान, चूड़धार पैदल मार्ग की मांगी विस्तृत रिपोर्ट

राजगढ़

शाया-छबरोन क्षेत्र से चूड़धार मंदिर तक सुरक्षित एवं व्यवस्थित पैदल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर नेरी-कोटली गांव की चंपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे गए पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने जिला प्रशासन सिरमौर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद उपायुक्त सिरमौर ने एसडीएम राजगढ़ और तहसीलदार राजगढ़ को मामले की जांच, मौके का निरीक्षण करने तथा विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।

चंपा ने गत 15 जून को प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर शिरगुल महाराज मंदिर शाया से चूड़धार मंदिर तक सुरक्षित पैदल मार्ग विकसित करने की मांग उठाई थी। उन्होंने बताया था कि शाया और आसपास के क्षेत्रों से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु चूड़धार की यात्रा करते हैं, लेकिन वर्तमान मार्ग पर व्यवस्थित पगडंडी और पर्याप्त दिशा-सूचक व्यवस्था का अभाव है। श्रद्धालुओं को घने जंगलों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे कई बार लोग रास्ता भटक जाते हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया था कि पूर्व में रास्ता भटकने की घटनाओं के कारण कुछ लोगों की जान तक जा चुकी है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग को व्यवस्थित किया जाना आवश्यक है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के संज्ञान के बाद जिला प्रशासन द्वारा मांगी गई रिपोर्ट को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि शाया से चूड़धार तक सुरक्षित पैदल मार्ग विकसित होता है तो इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित होने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों को अब प्रशासन की रिपोर्ट और आगामी कार्रवाई का इंतजार है। लोगों को उम्मीद है कि इस पहल के माध्यम से चूड़धार जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधा मिल सकेगी।

Related Topics: