Politics / 700 नौकरियों पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार, फिर पारदर्शिता की बात करे : बलदेव तोमर
Politics : भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने उद्योग मंत्री के 700 लोगों को रोजगार दिलाने के दावे पर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने नियुक्तियों की प्रक्रिया, विभाग और मेरिट आधारित चयन को लेकर सवाल उठाते हुए पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की बात कही। भाजपा ने दावा किया कि यदि नियुक्तियां नियमानुसार हुई हैं तो सरकार को पूरी सूची सार्वजनिक करनी चाहिए।
नाहन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के नौकरी दिलाने संबंधी बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि यदि मंत्री 700 लोगों को रोजगार दिलाने के अपने दावे पर कायम हैं तो प्रदेश सरकार तत्काल श्वेत पत्र जारी कर पूरी जानकारी सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के दावे करने से पहले सरकार को बताना चाहिए कि ये नियुक्तियां किस प्रक्रिया, किस विभाग और किन नियमों के तहत हुईं।बलदेव तोमर ने कहा कि यदि किसी मंत्री की सिफारिश पर लोगों को नौकरी मिली है तो यह सरकार के मेरिट आधारित और पारदर्शी भर्ती के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि योग्य और पात्र युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत अवसर मिलना चाहिए, न कि बैकडोर व्यवस्था के जरिए चहेतों को लाभ पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक ओर बैकडोर भर्ती समाप्त करने की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर उद्योग मंत्री सार्वजनिक मंचों से नौकरी दिलाने का श्रेय ले रहे हैं। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री की बात माने या मंत्री के दावों पर विश्वास करे।
भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि सरकार यह सार्वजनिक करे कि जिन 700 लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया गया है, उन्हें किस विभाग, बोर्ड, निगम, आउटसोर्स एजेंसी अथवा अन्य माध्यम से नियुक्ति मिली, चयन की प्रक्रिया क्या थी और उनकी पात्रता क्या थी। उन्होंने कहा कि यदि सभी नियुक्तियां नियमानुसार हुई हैं तो मंत्री व्यक्तिगत रूप से उनका श्रेय क्यों ले रहे हैं।
तोमर ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादों से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर वर्ष एक लाख और पांच वर्षों में पांच लाख रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन साढ़े तीन वर्ष बीतने के बाद भी लाखों शिक्षित युवा भर्ती परीक्षाओं और नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे समय में मंत्री नौकरी दिलाने की उपलब्धियां गिना रहे हैं, जिससे बेरोजगार युवाओं में निराशा बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले को गंभीरता से उठा रही है और सरकार से 700 नौकरियों के दावे पर तत्काल श्वेत पत्र जारी करने की मांग करती है। यदि मंत्री का दावा सही है तो पूरी सूची सार्वजनिक की जाए और यदि दावा गलत है तो प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाकर युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।