Politics / ‘मुख्यमंत्री सपनों के आधार पर चला रहे सरकार, प्रदेश को विकास में पीछे धकेला’
Politics : प्रदेश में कांग्रेस सरकार पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और रोजगार को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार पर व्यवस्था परिवर्तन के वादों को पूरा नहीं करने और विभिन्न वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा न उतरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखेगी।
नाहन
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार नहीं, बल्कि भ्रम और विरोधाभास का शासन चल रहा है। मुख्यमंत्री रात को जो सपना देखते हैं, सुबह उसे ही नीति बनाकर लागू करने की कोशिश कर देते हैं। नतीजा यह है कि सरकार के मंत्री और विधायक तक एक-दूसरे से तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं और पूरे प्रदेश में प्रशासनिक अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है।चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले व्यवस्था परिवर्तन के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन चार वर्षों में व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर केवल सरकारी संस्थानों पर ताले लगाए गए। विकास कार्य ठप हो गए, निवेश प्रभावित हुआ और हिमाचल विकास की दौड़ में कई वर्ष पीछे चला गया। आज प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित होकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षकों, रोगी कल्याण समिति के कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मचारियों और अन्य हजारों अस्थायी कर्मियों को सरकार से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन कांग्रेस सरकार न तो उनकी सेवाएं नियमित कर सकी और न ही रोजगार के नए अवसर पैदा कर पाई। सरकार ने हर वर्ग को सिर्फ आश्वासन दिए, लेकिन किसी के हाथ कुछ नहीं आया।मनीष चौहान ने उद्योग मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सिरमौर जैसे औद्योगिक जिले का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों का बुनियादी ढांचा तक सुधारा नहीं जा सका। सड़कों, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति के कारण उद्योगपति हिमाचल छोड़ने को मजबूर हैं। सरकार निवेश आकर्षित करने की बातें तो करती है, लेकिन पहले से स्थापित उद्योगों को भी संरक्षण देने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग की लगातार अनदेखी की जा रही है। इस वर्ग के कल्याण से जुड़ी योजनाएं धरातल पर दिखाई नहीं देतीं और सामाजिक न्याय केवल भाषणों तक सीमित होकर रह गया है। कांग्रेस सरकार ने अनुसूचित वर्ग के युवाओं, कर्मचारियों और गरीब परिवारों की उम्मीदों को तोड़ने का काम किया है।चौहान ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है, विकास कार्य ठप हैं और जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रदेश की जनता भगवान से यही प्रार्थना कर रही है कि वर्ष 2027 का इंतजार किए बिना ही कोई चमत्कार हो जाए और प्रदेश को इस सरकार से मुक्ति मिले, ताकि हिमाचल फिर से विकास की राह पर लौट सके।उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को प्रदेश की जनता के सामने बेनकाब करेगी।