Loading...

Politics / पंचायती राज से नगर निगम तक कांग्रेस का सफाया, जनता ने सुक्खू सरकार को नकारा : बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Jun 2026 • 1 Min Read

Politics : प्रदेश में हुए पंचायती राज, नगर निकाय और नगर निगम चुनावों के परिणामों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों को नकारते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक समर्थन दिया है। उन्होंने चुनाव नतीजों को सरकार के खिलाफ स्पष्ट जनमत और राजनीतिक परिवर्तन का संकेत बताया।

शिमला

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों और नगर निगम चुनावों के परिणामों को प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनमत करार दिया है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में जनता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार की जनविरोधी नीतियों को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है।डॉ. बिंदल ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने अधिकांश नगर परिषदों और नगर पंचायतों में शानदार प्रदर्शन किया। भाजपा ने अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक की थी, जबकि कांग्रेस अपने उम्मीदवारों को आधिकारिक रूप से घोषित करने तक का साहस नहीं जुटा सकी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा 75 प्रतिशत निकाय जीतने के दावे करना जनता को भ्रमित करने का प्रयास है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार चुनाव परिणाम आने के बाद भी जनादेश का सम्मान नहीं कर रही है। नगर परिषदों के परिणाम घोषित होने के बाद जानबूझकर अधिसूचनाएं रोकी गईं, जिसके चलते भाजपा को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत में मामला पहुंचने के बाद सरकार को अधिसूचनाएं जारी करनी पड़ीं।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव संबंधी नियमों में बदलाव कर खरीद-फरोख्त की संभावनाएं बढ़ाने का प्रयास किया है। निर्धारित समय सीमा में चुनाव करवाने की व्यवस्था को बदलकर अधिकारियों को बैठक बुलाने का अधिकार देना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात है।

डॉ. बिंदल ने दावा किया कि प्रदेश की 3759 पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। उनके अनुसार लगभग 74 प्रतिशत प्रधान और 77 प्रतिशत उपप्रधान पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत कांग्रेस सरकार के प्रति जनता की नाराजगी का प्रमाण है। उन्होंने मुख्यमंत्री के 80 प्रतिशत जीत के दावे को तथ्यहीन बताया।नगर निगम चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मंडी नगर निगम में भाजपा ने 14 में से 12 सीटें जीतकर कांग्रेस को एक सीट तक सीमित कर दिया। धर्मशाला और सोलन नगर निगम में भी भाजपा ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई है। पालमपुर में भी भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि चार में से तीन नगर निगमों में भाजपा की बढ़त प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन के संकेत दे रही है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को गारंटी, युवाओं को रोजगार और किसानों को राहत के नाम पर केवल आश्वासन मिले हैं, जबकि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं।उन्होंने कहा कि कर्मचारी, पेंशनर और युवा आज अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। इन चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के झूठे वादों, कुशासन और जनविरोधी नीतियों से संतुष्ट नहीं है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और जनादेश की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी तथा जनता की आवाज दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब देगी।उन्होंने इस जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, समर्थित उम्मीदवारों और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और कांग्रेस सरकार के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश का प्रतिबिंब है।