Loading...

Politics / भर्ती अनियमितताओं और पेपर लीक पर सरकार घिरी, दोषियों को बचा रही कांग्रेस : जयराम ठाकुर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 58 Mins Ago • 1 Min Read

Politics : प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और युवाओं के हितों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही ‘मन की बात’, कारगिल विजय दिवस और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से समाज और पर्यावरण से जुड़े संदेश भी साझा किए।

शिमला

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मामलों में सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है और इससे प्रदेश के लाखों युवाओं का सरकार से विश्वास उठता जा रहा है।रविवार को शिमला के जाखू वार्ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को भर्ती घोटालों पर नैतिकता की बात करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासित राज्यों में सबसे अधिक पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। राजस्थान में 22 से अधिक और छत्तीसगढ़ में 18 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जबकि अब हिमाचल में भी भर्ती अनियमितताओं पर सरकार मौन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों में मास चीटिंग की लिखित शिकायतें दीं, लेकिन सरकार ने अब तक निष्पक्ष जांच नहीं करवाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला सामने आने पर तत्काल सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने जांच में नामित अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें अहम जिम्मेदारियां और पदोन्नति तक दे दी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का युवा पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया चाहता है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए किए जा रहे कानूनी सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि पेपर लीक माफिया पर सख्ती युवाओं के हित में जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को समाज को प्रेरित करने वाला राष्ट्रीय अभियान बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आम लोगों के प्रेरणादायक कार्यों को देश के सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के 52 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान देकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बताया।

Related Topics: