Loading...

Politics / कांग्रेस सरकार की विदाई का बिगुल बज चुका, भाजपा चलाएगी प्रदेशव्यापी जनआंदोलन : जयराम ठाकुर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Politics : पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी चरणबद्ध जनआंदोलन की घोषणा की है। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी, विकास कार्य प्रभावित करने और विभिन्न मुद्दों पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इन विषयों को लेकर जनता के बीच अभियान चलाएगी।

शिमला

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों के परिणामों ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश दे दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी के खिलाफ पूरे प्रदेश में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करेगी।जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की विशेष बैठक में निर्णय लिया गया है कि आंदोलन की शुरुआत मंडल स्तर से होगी, जिसके बाद इसे विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के करीब चार वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्य ठप हो गए हैं तथा भाजपा सरकार के समय स्वीकृत कई परियोजनाओं, स्कूलों, कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को बंद कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान युवाओं, महिलाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों से अनेक वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की कथित वादाखिलाफी को उजागर करेगी।नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ने, नए टैक्स लगाए जाने, कानून-व्यवस्था कमजोर होने और माफिया तंत्र के सक्रिय होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव-गांव और चौक-चौराहों तक पहुंचकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा सत्र से पहले ही जनआंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। जिन स्थानों पर भाजपा सरकार के दौरान स्वीकृत विकास कार्यों को वर्तमान सरकार ने बंद किया है, वहां जाकर जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित कैंडल मार्च पर पूछे गए सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है और भाजपा को उससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को केंद्र सरकार गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर युवाओं की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है।

Related Topics: