रामलीला मैदान रैली से पहले राहुल गांधी की अपील, स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करें लोग
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने आ रहे लोगों से स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से मार्च और रैली में भाग लेने के साथ बाजारों में खरीदारी करने को कहा है। यह रैली मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और एसआईआर में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर आयोजित की जा रही है।
दिल्ली
कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने रामलीला मैदान की रैली के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजकों का अनुमान है कि इसमें 10 लाख से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। राहुल गांधी ने बाहर से दिल्ली आने वाले लोगों से स्थानीय दुकानों से सामान खरीदने का आग्रह किया है, ताकि बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही का लाभ राजधानी के व्यापारियों को भी मिल सके।
मिंटो रोड से शुरू होगा मार्च
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद इंडिया गठबंधन के नेता रैली को संबोधित करेंगे। विपक्षी नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से बसों में सवार होकर मार्च के शुरुआती स्थल तक पहुंचने की संभावना है। रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रैली से पहले शनिवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोजित की गई। इसमें एक प्रतीकात्मक जन महाभियोग लाया गया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने का आदेश पारित किया गया। यह गतिविधि रामलीला मैदान में होने वाले विपक्षी मार्च और रैली की तैयारियों के क्रम में आयोजित की गई थी।