Loading...

रायपुर सहोड़ा के नलों में मिट्टी-रेत आने की शिकायत, पेयजल जांच की मांग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

ऊना जिले की ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ा के वार्ड नंबर 4, 7 और 8 में नलों से पानी के साथ मिट्टी और रेत आने की शिकायत सामने आई है। पूर्व जिला परिषद सदस्य पंकज सहोड़ ने जल शक्ति विभाग को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित क्षेत्रों समेत पूरी पंचायत की पेयजल व्यवस्था की जांच कराने, समस्या का स्थायी समाधान करने और पानी सुरक्षित पाए जाने तक प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

पंकज सहोड़ के अनुसार, स्थानीय निवासियों से मिली तस्वीरों और वीडियो में नलों से आने वाले पानी में मिट्टी और रेत दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी का सेवन ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। क्षेत्र में पहले भी लोगों के बीमार होने की बात सामने आने का दावा करते हुए उन्होंने पेयजल की वैज्ञानिक जांच को जरूरी बताया। वार्ड नंबर 7 के तरसेम लाल, लेखराज, रीना, कृष्णा और जसवीर ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।

जल शक्ति विभाग ऊना के अधिशासी अभियंता के 15 दिन के अवकाश पर होने के कारण ज्ञापन ऊना डिवीजन के सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-दो कुलदीप सिंह मान को सौंपा गया। ज्ञापन में विभागीय अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजने की मांग की गई है। इसके साथ ही पानी के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला में भौतिक, रासायनिक और बैक्टीरियोलॉजिकल जांच कराने का आग्रह किया गया, ताकि पेयजल की वास्तविक गुणवत्ता का पता लगाया जा सके।

पाइपलाइन और भंडारण टैंकों की जांच का आग्रह

ज्ञापन में पेयजल पाइपलाइनों में संभावित लीकेज, टूट-फूट और पुरानी पाइपों की स्थिति के साथ भंडारण टैंकों की सफाई, फिल्ट्रेशन तथा वितरण व्यवस्था की गहन जांच की मांग की गई है। पंकज सहोड़ ने कहा कि जांच केवल शिकायत वाले वार्डों तक सीमित न रखकर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में कराई जाए। उन्होंने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, तकनीकी खामी मिलने पर तत्काल मरम्मत करने और विभागीय कार्रवाई की जानकारी स्थानीय निवासियों के साथ साझा करने का भी आग्रह किया है।