Loading...

पंचायती राज और नगर चुनावों में कांग्रेस के खिलाफ जनादेश, 2027 की तस्वीर साफ : डॉ. राजीव बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 35 Mins Ago • 1 Min Read

धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों के परिणामों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश बताया। उन्होंने चुनाव परिणामों, राज्य सरकार की कार्यप्रणाली और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी पार्टी का पक्ष रखा। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

धर्मशाला

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों के परिणामों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ स्पष्ट जनादेश दिया है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की दिशा भी तय कर दी है। शनिवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस कहीं भी मजबूती से खड़ी नहीं हो पाई।डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान कांग्रेस सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग किया, लेकिन जनता ने उसकी नीतियों को पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने कहा कि मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों सहित कई निकायों में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिला है और कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कई स्थानों पर कांग्रेस अपने अधिकृत उम्मीदवार तक घोषित नहीं कर सकी, इसलिए उसकी जीत के दावे तथ्यहीन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकायों में सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस सरकार ने नियमों में भी बदलाव किए।राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए डॉ. बिंदल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, चिट्टे के बढ़ते कारोबार, सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था, हिम केयर योजना के प्रभावी संचालन, बेरोजगारी और कर्मचारियों के लंबित मामलों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादे आज भी पूरे नहीं हुए और सरकार ने अपनी घोषणाओं को “अलमारी में बंद” कर रखा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल रही है। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है क्योंकि वह अपने चुनावी वादे निभाने और जनता की समस्याओं का समाधान करने में असफल रही है।इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक पवन काजल, पूर्व विधायक अरुण मेहरा कूका, जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, चंद्र भूषण नाग, राकेश शर्मा, संजय शर्मा तथा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Topics: