राजगढ़ में गूंजेगी गुरुवाणी, 29 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा प्रकाश उत्सव
28 नवंबर को निकलेगी प्रभात फेरी, बड़ू साहिब के बच्चे करेंगे शब्द कीर्तन, बरतेगा गुरु का अटूट लंगर
राजगढ़/पवन तोमर
जिला सिरमौर के राजगढ़ स्थित गुरुद्वारा साहिब में सिख धर्म के संस्थापक एवं मानवता को प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव 29 नवंबर, रविवार को बड़ी श्रद्धा एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर साध-संगत में खासा उत्साह है।
कलगीधर ट्रस्ट एवं गुरुद्वारा बड़ू साहिब के सौजन्य से आयोजित होने वाले इस धार्मिक समागम का शुभारंभ 27 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के साथ होगा। वहीं, 28 नवंबर को सुबह 5:30 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस दौरान गुरु महिमा का गुणगान करते हुए साध-संगत राजगढ़ के वातावरण को भक्तिमय बनाएगी।
प्रकाश उत्सव के मुख्य आयोजन के तहत 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इसके उपरांत सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक गुरुद्वारा बड़ू साहिब के बच्चे शब्द कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
आयोजकों ने समस्त साध-संगत से परिवार सहित गुरुद्वारा साहिब राजगढ़ पहुंचकर गुरुवाणी का श्रवण करने और हरिजस कीर्तन में शामिल होने की अपील की है।
इस पावन अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी बरताया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर श्री गुरु नानक देव जी महाराज के मानवता, सेवा और आपसी भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने तथा धार्मिक समागम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है।

