राजगढ़ के टिक्कर रोड पर तीन बार दिखा तेंदुआ, कुत्ते के दो पिल्लों को उठा ले गया
टिक्कर रोड पर तीन बार दिखा तेंदुआ, कुत्ते के दो पिल्लों को उठा ले गया , आशीर्वाद कुंज में दहशत, रोजाना सैकड़ों लोगों व स्कूली बच्चों की आवाजाही ; वन विभाग लगाएगा पिंजरा
राजगढ़।
राजगढ़ के टिक्कर रोड स्थित आशीर्वाद कुंज में तेंदुए की लगातार गतिविधि से लोगों में दहशत का माहौल है। बुधवार रात तेंदुआ एक ही घर के आसपास करीब तीन बार दिखाई दिया और पालतू कुत्ते के दो पिल्लों को उठाकर ले गया। तेंदुए की यह पूरी गतिविधि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मकान मालिक दिनेश शर्मा ने बताया कि रात करीब 3:40 बजे तेंदुआ पहली बार उनके घर में दाखिल हुआ। वह छत के रास्ते सीढ़ियों से नीचे उतरकर कॉरिडोर तक पहुंचा, लेकिन पालतू कुत्ते के भौंकने पर वापस चला गया। करीब 4:10 बजे तेंदुआ दोबारा आया और कुत्ते के एक पिल्ले को मुंह में उठाकर ले गया। करीब आधे घंटे बाद 4:40 बजे वह तीसरी बार दिखाई दिया और दूसरे पिल्ले को भी उठा ले गया।
घटना के बाद आशीर्वाद कुंज के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टिक्कर रोड पर रोजाना सैकड़ों लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों की आवाजाही रहती है। सड़क के किनारे दुकानें भी हैं, जहां बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में रिहायशी क्षेत्र के आसपास तेंदुए की लगातार मौजूदगी चिंता का विषय बनी हुई है।
लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा जल्द तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। राजगढ़ डीएफओ समीर राज ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी अब मिली है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम को जल्द मौके पर भेजा जाएगा और तेंदुए को पकड़ने के लिए उचित स्थान पर पिंजरा लगाने का प्रयास किया जाएगा। ,